धौलाना-मसूरी रोड पर बड़ा हादसा टला, सड़क पर गिरे कई बिजली के खंभे

बारिश और तेज हवा के बीच खंभे गिरने से यातायात ठप, दोनों ओर लगा लंबा जाम
वेलकम इंडिया राजेंद्र सिंह वरिष्ठ
धौलाना, हापुड़। निर्माणाधीन धौलाना-मसूरी रोड पर शुक्रवार दोपहर उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब तेज हवा और बारिश के बीच सड़क किनारे लगे बिजली के कई खंभे एक के बाद एक सड़क पर गिर पड़े। खंभों के साथ बिजली के तार भी सड़क पर फैल गए, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई वाहन या राहगीर खंभों की चपेट में नहीं आया और जनहानि होने से बच गई प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान निर्माणाधीन धौलाना-मसूरी रोड के किनारे लगे बिजली के कई खंभे अचानक सड़क की ओर गिरने लगे। कुछ ही देर में कई खंभे सड़क पर आ गिरे और बिजली के तार भी मार्ग पर फैल गए। इससे सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई।खंभे गिरने के बाद धौलाना-मसूरी रोड पर दोनों ओर यातायात रुक गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। बारिश के बीच जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। निर्माणाधीन सड़क के कारण पहले से प्रभावित यातायात व्यवस्था खंभे गिरने से और अधिक बिगड़ गई।सूचना मिलते ही थाना धौलाना प्रभारी अवनीश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए सड़क पर गिरे खंभों और तारों को हटवाने का काम शुरू कराया। जेसीबी और स्थानीय लोगों की मदद से खंभों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारू कराया गया।थाना धौलाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि बिजली के खंभे सड़क पर गिरने के कारण कुछ समय के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खंभों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और स्थिति सामान्य है।

