करोड़ों की लागत से बन रहे विकास परियोजनाओं का विधायक ने किया स्थलीय निरीक्षण

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। जिले के विधानसभा शोहरतगढ़ में चल रहे करोड़ों रुपये की लागत वाले विकास कार्यों को लेकर अपना दल (एस) के विधायक विनय वर्मा ने गुरुवार को विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने के साथ ही विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए आवंटित भूमि का भी निरीक्षण किया। विधायक के साथ मुख्य विकास अधिकारी समेत जिले के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
विधायक विनय वर्मा ने सबसे पहले चिल्हिया में निर्माणाधीन सरदार भगत सिंह की प्रतिमा स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण कार्यों की स्थिति देखी और जहां भी कमियां दिखाई दीं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार को दिए। विधायक ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
इसके बाद विधायक ने माधवपुर में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बन रहे स्टेडियम का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम उनके प्रस्ताव और मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्वीकृत किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेडियम का निर्माण निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप ही कराया जाए। विधायक ने कहा कि वह कुछ दिनों बाद दोबारा मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
वहीं, बढ़नी ब्लॉक के बढ़नी कस्बे में करीब बीस करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को लेकर भी विधायक ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह परियोजना भी उनके प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दी गई है। विधायक ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि करीब एक सप्ताह के भीतर अस्पताल का भूमि पूजन कराया जाना प्रस्तावित है। इसके बाद मौके पर मौजूद पुरानी और जर्जर पीएचसी को ध्वस्त कर नए सीएचसी के निर्माण का काम जल्द शुरू कराया जाएगा।
विधायक ने कहा कि नए अस्पताल के बनने से शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण इसका लाभ पड़ोसी देश नेपाल के लोगों को भी मिलेगा।
विनय वर्मा ने कहा कि शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कई अन्य बड़ी विकास परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। इनमें तहसील मुख्यालय पर रजिस्टार कार्यालय और बड़े स्तर पर बन रही मछली मंडी समेत कई परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा क्षेत्र में कई सौ करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं या तो निर्माणाधीन हैं या पूरी हो चुकी हैं।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों को लेकर वह लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं और स्वयं मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक द्वेष के चलते उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन विधानसभा की जनता धरातल पर हो रहे विकास कार्यों को देख रही है। उन्होंने कहा कि समय आने पर जनता ऐसे लोगों को अपने तरीके से जवाब देगी।




