ग़ाज़ियाबाद

कबाड़ से बनेगी शहर की खूबसूरती, गाजियाबाद में वेस्ट टू आर्ट को बढ़ावा-खराब टायर, लोहा और एल्युमिनियम से तैयार हो रहीं आकर्षक कलाकृतियां

गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ अनुपयोगी वस्तुओं के बेहतर इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम ने ‘वेस्ट टू आर्ट’ की पहल को गति दी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में कबाड़ में बदल चुके लोहे, एल्युमिनियम और खराब टायरों से आकर्षक एवं संदेशपरक कलाकृतियां तैयार कराई जा रही हैं। इन कलाकृतियों को शहर के प्रमुख स्थानों पर लगाकर सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
नगर निगम का उद्देश्य अनुपयोगी वस्तुओं को दोबारा उपयोग में लाकर लोगों को ‘वेस्ट से बेस्ट’ का संदेश देना है। तैयार की जा रही कलाकृतियां शहर के प्रमुख स्थानों को आकर्षक बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि कचरा निस्तारण की श्रृंखला में वेस्ट से बनी वस्तुओं का उपयोग शहर के सौंदर्यीकरण के लिए किया जा रहा है। खराब टायर, लोहा, एल्युमिनियम और अन्य अनुपयोगी सामग्री से सुंदर कलाकृतियां तैयार कराई जा रही हैं। एमएस ग्रुप संस्था की ओर से करीब 50 किलो वजन की घोड़े की कलाकृति, करीब 500 किलो की ‘मेक इन इंडिया’ कलाकृति, करीब 500 किलो की ‘आई लव गाजियाबाद’ और करीब 400 किलो की ‘वेलकम टू गाजियाबाद’ कलाकृति तैयार की गई है। इन्हें लगाने के लिए शहर में उपयुक्त स्थानों का चयन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से शहरवासियों को भी घरों से निकलने वाली अनुपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। शहर की कई सोसाइटी, आरडब्ल्यूए और एनजीओ भी वेस्ट से बेस्ट बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, जो सराहनीय है। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, कलाकृतियों को प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाया जाएगा। इससे शहर के सौंदर्यीकरण के साथ लोगों को रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल का संदेश भी मिलेगा। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह सामूहिक जिम्मेदारी है। इसमें जनभागीदारी बेहद जरूरी है। नगर निगम की टीम के साथ शहरवासी भी अपने स्तर पर अनुपयोगी वस्तुओं का सही इस्तेमाल कर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में योगदान दे रहे हैं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button