लोनी में तार जलाकर धातु निकालने वाले 10 आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद। तहसील लोनी क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण और रात्रि के समय अवैध रूप से तार जलाकर धातु निकालने की लगातार मिल रही शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ के निर्देश पर बुधवार देर रात व्यापक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें 10 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया। देर रात अमित विहार क्षेत्र में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी लोनी दीपक सिंघनवाल के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अवैध रूप से तार जलाकर धातु निकालने का कार्य संचालित पाया गया, जिससे क्षेत्र में गंभीर प्रदूषण फैल रहा था। छापेमारी के दौरान टीम ने 10 व्यक्तियों को मौके पर ही अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया। सभी आरोपियों को तत्काल पुलिस के सुपुर्द कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार इस तरह की गतिविधियां न केवल पर्यावरण के लिए खतरनाक हैं बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव डालती हैं। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार लोनी श्रीमती रति गुप्ता सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान कई संदिग्ध स्थानों की जांच की गई और प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों को चिन्हित किया गया। उपजिलाधिकारी लोनी श्री दीपक सिंघनवाल ने स्पष्ट कहा कि तहसील क्षेत्र में किसी भी स्थिति में अवैध और प्रदूषणकारी इकाइयों का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित प्रदूषणकारी इकाइयों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रशासनिक कार्रवाई का स्वागत किया है।



