ई-पंजीकरण प्रणाली के विरोध में पूर्व अध्यक्ष राम आसरे शर्मा ने बेनामा लेखकों को दिया समर्थन

अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,( वेलकम इंडिया)। तहसील मोदीनगर में ई-पंजीकरण प्रणाली के विरोध में चल रहे बेनामा लेखकों के धरने को मंगलवार को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राम आसरे शर्मा ने अपना समर्थन दिया। उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनरत बेनामा लेखकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
राम आसरे शर्मा ने कहा कि ई-पंजीकरण प्रणाली में आ रही तकनीकी खामियों के कारण आम जनता, किसानों, व्यापारियों तथा दस्तावेज लेखकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को इस व्यवस्था में व्याप्त कमियों को दूर करते हुए ऐसी प्रणाली लागू करनी चाहिए, जिससे पंजीकरण कार्य बिना बाधा के सुचारु रूप से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि बेनामा लेखकों की मांगें न्यायोचित हैं और उनका शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने आंदोलनकारियों को हर संभव सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि जनहित के इस मुद्दे पर वह उनके साथ खड़े हैं।धरने पर मौजूद बेनामा लेखकों ने समर्थन के लिए राम आसरे शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए सरकार से जल्द समाधान की मांग दोहराई।



