शहर-राज्य

बागपत के कीर्ति शर्मा और उज्ज्वल धामा अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

मेरठ/बागपत।
बागपत जनपद के लिए गर्व का क्षण है कि ग्राम किरठल के प्रतिभाशाली तीरंदाज कीर्ति शर्मा और उज्ज्वल धामा का आगामी अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिताओं के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे बागपत, उत्तर प्रदेश और देश में हर्ष का माहौल है।
वर्तमान में कीर्ति शर्मा भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के एसटीसी हज़ारीबाग में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, जबकि उज्ज्वल धामा साई एसटीसी हज़ारीबाग के पूर्व खिलाड़ी रह चुके हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में स्थान बनाया है और अब वे एशिया कप (चीन), एशिया कप (इराक) तथा एशियन आर्चरी चैंपियनशिप (दुबई) में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चयन प्रक्रिया में कीर्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों प्रतियोगिताओं के लिए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि उज्ज्वल धामा का चयन द्वितीय स्थान पर हुआ। यह उपलब्धि उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर ग्राम किरठल में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और गणमान्य लोगों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत के लिए स्वर्णिम सफलता अर्जित करेंगे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कीर्ति शर्मा और उज्ज्वल धामा की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी उचित मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम के बल पर विश्व स्तर तक पहुंच सकती हैं।
ग्रामीणों ने दोनों खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों एवं पूरे सपोर्ट स्टाफ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने आशा व्यक्त की कि चीन, इराक और दुबई में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में दोनों खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर भारत का तिरंगा विश्व मंच पर और ऊंचा लहराएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button