ग़ाज़ियाबाद

आरक्षी भर्ती परीक्षा पर डीएम की कड़ी नजर, परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। परीक्षा से पूर्व जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, बायोमैट्रिक सत्यापन, निगरानी व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने सेठ मुकुंद लाल इंटर कॉलेज और नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण करते हुए केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था इतनी मजबूत हो कि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ करना होगा। परीक्षा की सफलता प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी को पूरी गंभीरता से कार्य करना होगा। निरीक्षण के दौरान सदर एसडीएम अरुण दीक्षित सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और पारदर्शी संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बरकरार रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button