शहर-राज्य

पालिका परिषद की जमीन पर बनी 14 अवैध दुकानों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर किया ध्वस्त

नोटिस जारी होने के बाद हटाई गई 14 दुकानें

वेलकम इंडिया संवाददाता

मोदीनगर। ग्राम बेगमाबाद बुदाना स्थित खसरा संख्या 1014 की राजस्व अभिलेखों में मार्ग के रूप में दर्ज भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के संबंध में जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद मोदीनगर द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। बताते चलें कि उक्त भूमि पर मौ0आरिफ प्रबंधक जामा मस्जिद बेगमाबाद, बुदाना, मोदीनगर द्वारा 14 दुकानें अवैध कब्जे के संबंध में नगर पालिका परिषद मोदीनगर द्वारा मा० न्यायालय उपजिलाधिकारी (तहसील स्तर) में वाद प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय द्वारा दिनांक 30 नवंबर 2023 को पारित आदेश में अतिक्रमणकर्ता को भूमि से बेदखल करने तथा निर्धारित अर्थदंड रूपये 2,22,90,100/— वसूल किए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसके विरुद्ध प्रस्तुत पुनर्स्थापना प्रार्थना पत्र 28.04.2025 भी न्यायालय द्वारा निरस्त कर दिया गया तथा पूर्व आदेश को यथावत रखा गया। न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में नगर पालिका परिषद द्वारा संबंधित पक्ष को अतिक्रमण हटाने हेतु पर्याप्त समय एवं नोटिस प्रदान किया गया। दिनांक 06.06.2026 तक दुकाने हटाने नोटिस प्राप्त होने के उपरांत कई दुकानदारों द्वारा स्वयं ही अपने निर्माण को हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई थी। शेष अवैध निर्माण यथावत पाए जाने पर जिला प्रशासन, नगर पालिका परिषद तथा पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में निर्धारित तिथि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई संपन्न कराई गई। कार्रवाई के दौरान प्रशासन द्वारा शेष अवैध दुकानों एवं निर्माणों को ध्वस्त कराया गया। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।  प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक मार्ग एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा कानून एवं न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित करें। एसडीएम मोदीनगर द्वारा अवगत कराया कि उक्त जमीन की सर्किल रेट के अनुसार अनुमानित कीमत रूपये 2,75,00,000/— है। कार्रवाई के दौरान एसडीएम अजीत कुमार सिंह, तहसीलदार, नगर पालिका मोदीनगर एवं पुलिस विभाग की टीम उपस्थित रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button