आयुष्मान कार्ड बनाने की सीडीओ ने की समीक्षा, शेष लाभार्थियों को जोडऩे के निर्देश

गाजियाबाद। आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग और बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ति्रयों और सहायिकाओं के आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ-साथ उनके पारिवारिक सदस्यों को भी योजना से जोडऩे के निर्देश दिए गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती विनीता चन्द्रा ने बताया कि जनपद में 1200 आंगनबाड़ी कार्यकर्ति्रयां और 1015 आंगनबाड़ी सहायिकाएं तैनात हैं। इनमें से 986 कार्यकर्ति्रयों और 821 सहायिकाओं के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारियों की ओर से 191 आंगनबाड़ी कार्यकर्ति्रयों और 165 सहायिकाओं का नवसृजित डाटा भी भेजा गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ति्रयों और सहायिकाओं के पारिवारिक सदस्यों को भी आयुष्मान योजना से जोड़ा जाए। इसके लिए पात्र सदस्यों के कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके। बैठक में बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ स्तर से आयुष्मान कार्ड पोर्टल पर उपलब्ध सूची में मृत, सेवानिवृत्त और त्यागपत्र दे चुकी आंगनबाड़ी कार्यकर्ति्रयों एवं सहायिकाओं के नाम भी दर्ज हैं। इससे कार्ड बनाने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। मुख्य विकास अधिकारी ने ऐसी सभी कर्मियों की सूची तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने और पोर्टल पर आवश्यक संशोधन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ शेष पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड जल्द बनवाने को कहा।

