हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट 2026 की परीक्षाओं के संबंध में जिलाधिकारी ने बीएसए कॉलेज में ली बैठक

मथुरा। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट की परीक्षाओं के संबंध में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार में समस्त जोनल, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक ली । जिलाधिकारी ने परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्षता एवं सुचितापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ससमय सेंटर, केंद्रों में समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करे।
परीक्षाएं दिनांक 18 फरवरी से 12 मार्च तक जनपद के 119 केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होंगी।
परीक्षा हेतु 5 जोनल मजिस्ट्रेट, 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 119 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 119 केन्द्र व्यवस्थापकों की ड्यूटी लगाई गई है। हाईस्कूल की परीक्षा हेतु बालक 19161 तथा बालिका 16027, कुल 35188 है। इंटरमीडिएट परीक्षा हेतु बालक 20768 तथा बालिका 14213, कुल 34981 है। परीक्षा हेतु 11 राजकीय, 73 सहायता प्राप्त तथा 35 वित्त विहीन केंद्र है। जनपद में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका संपर्क नंबर 9454457564 है।
वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, सुचारूपूर्ण एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पादित कराने हेतु जिलाधिकारी ने सभी जोनल, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों के केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक करे। परीक्षा से पूर्व परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर परीक्षा की सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करे।
सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा अवधि में प्रत्येक दिन दोनों पालियों में नियमित अन्तराल पर परीक्षा केन्द्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण/पर्यवेक्षण करे। परीक्षा केन्द्रों में लगे सी०सी०टी०वी० कैमरों तथा वायस रिकार्डर के सही ढंग से कार्य करने की प्रतिदिन जांच करना तथा सही ढंग से कार्य व करने की दशा में जिला विद्यालय निरीक्षक कन्ट्रोल रूम के नोडल अधिकारी को सूचित करे।
प्रश्नपत्रों एवं उत्तर-पुस्तिकाओं के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था देखे। प्रत्येक सेक्टर जोन में नियुक्त सचल दलों से नियमित सम्पर्क में रहे तथा फीडबैक ले। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों का विशेष रूप से निख्तर सघन निरीक्षण करे। यह भी सुनिश्चित करे कि संवेदनशील व अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर सशस्त्र पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था कर दी गयी है। परीक्षा के दौरान केन्द्र के समीप भीड़ एकत्रित नहीं होने दे। परीक्षा प्रारम्भ एवं समाप्ति के समय भी इसका विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, एसपी यातायात मनोज कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति, जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



