शहर-राज्य

मुख्यमंत्री ने किया 2131 करोड़ रूपये की 325 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किया लाभान्वित, वितरित किए प्रतीकात्मक चेक, आवासों की चाबी, टूलकिट

सहारनपुर को काष्ठ कला के दम पर मिली नई पहचान

सहारनपुर में बनेगा इण्डस्ट्रीयल लॉजिस्टिक का हब

सहारनपुर अपनी गति और प्रगति के लिए जाना जा रहा है

सहारनपुर देश की समृद्धि में दे रहा अपना योगदान

माँ शाकम्भरी मंदिर तक जाने के लिए एलिवेटिड हाईवे के निर्माण के साथ ही बनाया जा रहा है कोरीडोर

विकास का कोई विकल्प नहीं, विकास बनेगा उज्ज्वल भविष्य का आधार

राजीव कुमार
सहारनपुर, दिनांक 07 मई, 2026 (सू0वि0)।
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद की सातों विधानसभाओं में 500 करोड़ की 184 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 1631 करोड़ की 141 परियोजनाओं का शिलान्यास कुल 2131 करोड़ रूपये की 325 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद, नन्दबाबा दुग्ध मिशन के अन्तर्गत नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, कन्या विवाह सहायता योजना, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, खाद्य प्रसंस्करण, आयुष्मान भारत कार्ड के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग श्री बृजेश सिंह एवं राज्यमंत्री संसदीय कार्य एंव औद्योगिक विकास श्री जसवंत सैनी ने पगडी पहनाकर एवं अंगवस्त्र पहनाकर तथा छत्रपति शिवाजी महाराज का चित्र भेंटकर स्वागत और अभिनन्दन किया।
जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान ने माननीय मुख्यमंत्री जी को जनपद के ओडीओपी काष्ठ निर्मित नटराज की मूर्ति भेंट की गयी।
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवबन्द स्थित ग्राम जड़ौदा जट्ट में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए माँ शाकम्भरी देवी एवं माँ त्रिपुर बाला सुन्दरी देवी के आशीर्वाद से शिलान्यास एवं लोकार्पित हुए कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों को हृदय से बधाई देते हुए जनपदवासियों का अभिनन्दन किया। उन्होने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के बीच में सक्रिय रहे, सरकार जनभावनाओं का सम्मान करे, सुशासन के लक्ष्य को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू करे और बिना भेद भाव के शासन की योजनाओं को जनता तक पंहुचाने का कार्य करें।
योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि सहारनपुर के कारीगरों द्वारा बनाए गये वर्ल्ड क्लास वुड कार्विंग के कार्य से सहारनपुर को नई पहचान मिल रही है। सहारनपुर में 06 लेन के एक्सप्रेस वे का उद्घाटन आदरणीय प्रधानमंत्री जी द्वारा किया जा चुका है। सहारनपुर से दिल्ली की दूरी अब मात्र 2.5 घण्टे में तय हो जाती है। इस इकॉनोमिक कोरीडोर में पहला इण्डस्ट्रीयल लॉजिस्टिक का हब सहारनपुर में बनाया जाएगा इसके लिए कार्य प्रारम्भ हो गया है। इससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होने कहा कि देश के सबसे बड़ा एयरपोर्ट नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट, देश की पहली रेपिड रेल दिल्ली-मेरठ, देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेस वे मेरठ से प्रयागराज लगभग 600 किमी0 लम्बा 06 लेन का उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा किया गया है। सहारनपुरवासी अब लखनऊ छः घण्टे और प्रयागराज साढे सात घण्टे में पंहुच जाएंगे।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सहारनपुर में माँ शाकम्भरी के नाम पर विश्वविद्यालय है। सहारनपुर एयरपोर्ट के माध्यम से देश और दुनिया से जुड़ेगा। बेहट में स्पोर्ट्स कॉलेज, स्मार्ट सिटी, आईसीसीसी, सीएम ग्रिड के अन्तर्गत अच्छी सड़के, अनेक डिग्री कॉलेज, नगर के अंदर बस स्टेशन, नगर के अंदर जल निकासी की समस्या के स्थाई समाधान की दिशा में आरसीसी ड्रेन की कार्यवाही, विकास की अनेक योजनाओं के साथ-साथ बेहतर कनेक्टिविटी, माँ शाकम्भरी मंदिर जाने के लिए एलिवेटिड हाईवे के निर्माण से किसी भी मौसम में जाकर पूजा अर्चना कर सकते है। नवरात्रि के दिनों में विभिन्न राज्यों एवं जनपदों से आने वाले लाखों श्रद्धालुआंे को कोई समस्या नहीं होगी। पुलिस भर्ती में सहारनपुर के लगभग 500 नौजवान ने नौकरी पाई है। यह विकास ही विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढाएगा। उन्होने सहारनपुरवासियों को आश्वस्त किया कि सहारनपुर में विकास, सुरक्षा, नौजवानों को रोजगार, औद्योगिक विकास, कारीगरों के सम्मान, अन्नदाताओं की खुशहाली, बहन और बेटियों की सुरक्षा, नौजवानों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए सरकार सहारनपुर की आवश्यकतानुसार हर संभव कार्य करेगी।
योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि बेहतरीन जन सुविधाएं विकसित करने के लिए विधायकगण अपनी-अपनी विधानसभाओं में इन विकास कार्यक्रमों को आगे बढा रहे है। सहारनपुर अपनी गति के माध्यम से प्रगति करने के साथ ही देश की समृद्धि में अपना योगदान कर रहा है। विकास की प्रक्रिया के साथ पूरा उत्तर प्रदेश आज आगे बढ रहा है। अब उत्तर प्रदेश बिमारू नहीं है, हर तरफ विकास की प्रतिस्पर्धा हो रही है। उत्तर प्रदेश भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ ईंजन बन चुका है। विरासत से जुडे़ किसी भी कार्यक्रम पर किसी की कुदृष्टि नहीं लगेगी, कोई बहन और बेटी की सुरक्षा के साथ खिलवाड नहीं कर सकता, अन्नदाता किसान का कोई शोषण नहीं कर सकता, किसी व्यापारी के अपहरण का कोई दुस्साहस नहीं कर सकता है।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में बिना रूके, बिना डिगे, बिना झुके विकास के समग्र कार्यक्रमों को आगे बढाते हुए बिना भेद भाव के शासन की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक तबके को दिया है। वंचितों को वरीयता तथा पिछडों को प्राथमिकता दी गयी है। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश की लगभग 25 करोड़ की जनता एक परिवार है।
राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग श्री बृजेश सिंह ने कहा कि देवबन्द पवित्र स्थल मेरी जन्म भूमि और कर्म भूमि है। उन्होने कहा कि विधानसभा देवबन्द सहित जनपद में सडकें चौडी हो गयी हैं, एयरपोर्ट बनकर तैयार है, देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस वे खुल चुका है। उन्होने कहा कि देवबन्द स्थित एक डिग्री कॉलेज में विज्ञान संकाय की कक्षाएं चलाने के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी ने तत्काल आदेश किया तथा 35 साल के बाद उस बिल्डिंग का निर्माण कार्य प्रारम्भ हो चुका है।
राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास श्री जसवंत सैनी ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में कानून का राज है। चारों तरफ खुशहाली का माहौल है। उत्तर प्रदेश अब सर्वोत्तम प्रदेश में शामिल है। विकास के साथ विरासत का संरक्षण हो रहा है।
कार्यक्रम में माननीय मंत्री इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा, राज्यमंत्री संसदीय कार्य एंव औद्योगिक विकास श्री जसवंत सैनी, राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग श्री बृजेश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री सतेन्द्र सिसोदिया, विधायक नकुड श्री मुकेश चौधरी, विधायक रामपुर मनिहारान श्री देवेन्द्र निम, विधायक गंगोह श्री किरत सिंह, विधायक नगर श्री राजीव गुम्बर, महापौर डॉ0 अजय कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मांगेराम चौधरी, एमएलसी श्रीमती वंदना वर्मा, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन श्री राजपाल सिंह, पूर्व सांसद श्री प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक श्री धर्म सिंह सैनी, पूर्व विधायक श्री संजय गर्ग, पूर्व विधायक श्री जगपाल सिंह, पूर्व विधायक श्री नरेश सैनी, श्री साहब सिंह सैनी, एडीजी श्री भानू भास्कर, मण्डलायुक्त डॉ0 रूपेश कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अभिनन्दन, मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन, सहित जिलाध्यक्ष श्री अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष श्री शीतल विश्नोई तथा जनप्रतिनिधिगण एवं पार्टी कार्यकर्ता सहित भारी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button