दिनदहाड़े एटीएम कैश वैन लूट से मचा हड़कंप- गन प्वाइंट पर चालक को बंधक बनाकर 23 लाख लेकर फरार बदमाश-दिल्ली नंबर की गाड़ी से पहुंचे बदमाश, एक्सप्रेसवे पर छोड़ गए खाली कैश वैन

गाजियाबाद। शहर के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब बदमाशों ने दिनदहाड़े एटीएम में कैश भरने आई कैश वैन को निशाना बनाते हुए बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। हथियारबंद बदमाशों ने चालक को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर कैश वैन लूट ली और करीब 23 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान फायरिंग की भी सूचना है, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार इंडिया वन कंपनी की कैश वैन बुधवार दोपहर करीब एक बजे क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास एटीएम में नकदी डालने पहुंची थी। सुरक्षाकर्मी और अन्य कर्मचारी एटीएम के अंदर कैश भरने चले गए, जबकि चालक वैन के पास मौजूद था। इसी दौरान पैदल आए चार बदमाश अचानक पहुंचे और चालक को हथियारों के बल पर नीचे उतारकर अपने कब्जे में ले लिया। बदमाश कैश वैन लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात के दौरान बदमाशों और सुरक्षा कर्मियों के बीच फायरिंग भी हुई, जिससे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि लूट में इस्तेमाल की गई गाड़ी दिल्ली नंबर की थी, जिससे बदमाशों के बाहरी गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैश वैन को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मसूरी थाना क्षेत्र के कुशलिया गांव के सामने छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खाली कैश वैन को बरामद कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कैश वैन में करीब 25 लाख रुपये थे, जिनमें से लगभग 23 लाख रुपये बदमाश लेकर भागने में सफल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कैश वैन पहले ही तीन एटीएम में नकदी डाल चुकी थी और चौथे एटीएम में कैश डालने के दौरान वारदात हुई। घटना के बाद पुलिस ने चालक सहित तीन कर्मचारियों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों के बयान बार-बार बदल रहे हैं, जिसके चलते उन्हें भी जांच के दायरे में रखा गया है। कंपनी से नकदी से संबंधित पूरा रिकॉर्ड तलब किया गया है ताकि लूटी गई राशि की सही जानकारी सामने आ सके। डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की आठ विशेष टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और क्राइम ब्रांच तथा फोरेंसिक टीम को जांच में लगाया गया है। बरामद कैश वैन को वैज्ञानिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। शहर में दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं पुलिस ने दावा किया है कि बदमाशों की पहचान के करीब पहुंच चुकी टीम जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश करेगी।


