गोपाष्टमी पर मुख्यमंत्री योगी ने किया गो पूजन, गायों को खिलाया गुड़-चारा
-परखम स्थित गो ग्राम पहुंचे मुख्यमंत्री, गौमाताओं की आरती उतारकर की पूजा-अर्चना, गोमय उत्पादों का भी किया अवलोकन
मथुरा। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फरह ब्लॉक के परखम गांव स्थित गो ग्राम (दीनदयाल गौ-विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र) पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से गौमाताओं का पूजन किया। मुख्यमंत्री ने गायों को तिलक लगाया, माला पहनाई और अपने हाथों से गुड़ व हरा चारा खिलाया। इस दौरान उन्होंने सींगों पर मोरपंख से सजी सुंदर देसी गाय की आरती उतारी और पुष्प वर्षा कर गोमाता का आशीर्वाद लिया।
ब्रजभूमि में गोपाष्टमी पर्व का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराने के लिए वन की ओर प्रस्थान किया था। यही वजह है कि ब्रज क्षेत्र में गोपाष्टमी पर गो पूजन, गोसेवा और गौवंश के सम्मान की परंपरा सदियों से चली आ रही है। मुख्यमंत्री ने भी इस पावन अवसर पर गो पूजन कर ब्रज की धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया।
गो पूजन से पूर्व मुख्यमंत्री ने दीनदयाल गौ-विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र का भ्रमण किया। यहां उन्होंने गाय के गोबर और गोमूत्र से तैयार किए जा रहे विभिन्न गोमय एवं जैविक उत्पादों का अवलोकन किया तथा गो आधारित उत्पादों के बारे में जानकारी प्राप्त की। केंद्र में गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और गाय से प्राप्त प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से तैयार उत्पादों की गतिविधियों को भी देखा।
मुख्यमंत्री का गो ग्राम पहुंचने पर स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम निर्धारित बैठक में शामिल होने से पहले आयोजित हुआ। गोपाष्टमी के अवसर पर उनके गो पूजन के माध्यम से गोसेवा, देसी गोवंश के संरक्षण और भारतीय संस्कृति में गाय के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व का संदेश भी दिया गया।


