शहर-राज्य

अडींग गांव में 4 दिन से गहराया पेयजल संकट, 2 किमी दूर से पानी ला रहे ग्रामीण; सचिव पर अनदेखी के आरोप

मथुरा। गोवर्धन विकास खंड के अंतर्गत आने वाले अडींग गांव में पिछले चार दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। गांव की मुख्य पानी सप्लाई मोटर खराब होने के कारण पूरी तरह बंद पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे तक करीब 2 किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या की जानकारी कई बार ग्राम पंचायत को दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। हालात बिगड़ते देख गांव के लोगों ने खुद ही खराब मोटर को ठीक करने का बीड़ा उठाया। जब मोटर को खोलकर देखा गया, तो उसमें तकनीकी खराबी सामने आई, जिसके लिए प्रशासनिक सहयोग की आवश्यकता थी। स्थानीय निवासी देवेंद्र सिंह ने इस संबंध में पंचायत सचिव यतिन शर्मा से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की। आरोप है कि सचिव ने मोटर को मथुरा भेजने की बात कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद से उनका फोन लगातार बंद आ रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि पंचायत सचिव गांव में उपस्थित नहीं रहते और बाहर रहकर ही पंचायत का कार्य संचालन कर रहे हैं, जिससे स्थानीय समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। इस मामले को लेकर जब दैनिक भास्कर की टीम ने सचिव यतिन शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उनका फोन बंद मिला, जिससे उनका पक्ष नहीं मिल सका। गांव के केदार, देवेंद्र, मुकेश, सतीश, भगवान सिंह सहित कई अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button