मुल्तानीमल मोदी कॉलेज में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित

अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )।मुलतानीमल मोदी कॉलेज में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत कार्यक्रम आयाेजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की एन.सी.सी., राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रोवर्स-रेंजर्स इकाइयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर वंदना शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ वीरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सतर्कता एवं जागरूकता एक सशक्त और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण की आधारशिला हैं। प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया ।कार्यक्रम में डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. वीरेंद्र कुमार एवं डॉ. पूजा त्यागी सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए ईमानदारी, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डाला।,
एन.सी.सी., एन.एस.एस. एवं रोवर्स-रेंजर्स के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया तथा समाज में सतर्कता एवं जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं ईमानदारी के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन “सतर्क नागरिक, सशक्त राष्ट्र एवं भ्रष्टाचार मुक्त भारत” के संदेश के साथ हुआ।



