पशु क्रूरता निवारण समिति का गठन, श्रेयस गुजराती को मिली जिम्मेदारी
मथुरा/गोवर्धन। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार पशुओं के प्रति क्रूरता की रोकथाम एवं संरक्षण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जनपद स्तर पर “सोसाइटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (एसपीसीए)” की कार्यकारिणी का गठन किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार विभिन्न जनपदों में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की नियुक्ति की गई है। इसी क्रम में मथुरा जनपद के गोवर्धन क्षेत्र जतीपुरा निवासी श्रेयस गुजराती को भी समिति में सदस्य के रूप में नामित किया गया है।
श्रेयस गुजराती की नियुक्ति से क्षेत्र में पशु कल्याण कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वे लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं और अब पशु संरक्षण एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करेंगे। श्रेयस गुजराती के गौ-सेवा के प्रति समर्पित कार्यों को देखते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने उनको जिम्मेदारी दी है।
इस समिति का मुख्य उद्देश्य पशुओं के प्रति होने वाली क्रूरता को रोकना, उनके संरक्षण के लिए जनजागरूकता बढ़ाना तथा संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। शासन के द्वारा दी गई जिम्मेदारी को देखते हुए क्षेत्र के गौ सेवकों में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर गौसेवक श्रेयस गुजराती ने बताया कि शासन द्वारा जो जिम्मेदारी मिली है, वह उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। गाय की रक्षा करना हम सबका धर्म और कर्तव्य है। सनातन धर्म में गाय को मां का दर्जा दिया गया है। सभी को गौ-रक्षा व गौ-सेवा का भाव मानकर पूरी श्रद्धा के साथ सेवा करनी चाहिए।



