आध्यात्म

बूधा कला में हनुमत महायज्ञ के पांचवें दिन उमड़ा जनसैलाब, प्रधान प्रतिनिधि मोनू शुक्ला ने अर्पित की 21 हजार की सहयोग राशि

संतकबीरनगर। जनपद के सेमरियावां ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा बूधा कला में आयोजित सात दिवसीय श्री मारुति नंदन हनुमत महायज्ञ आस्था और विश्वास का केंद्र बना हुआ है। यज्ञ के पांचवें दिन बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। सुबह से ही यज्ञ मंडप की परिक्रमा और आहुति देने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
इस पुनीत अवसर पर ग्राम सभा के प्रधान प्रतिनिधि मनोज शुक्ला उर्फ मोनू ने यज्ञ शाला पहुंचकर माथा टेका और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने श्रद्धा भाव से आरती उतारने के साथ ही व्यास पीठ पर विराजमान कथा व्यास का माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। प्रधान प्रतिनिधि ने कथा व्यास एवं उनकी पूरी टीम को अंग वस्त्र भेंट कर भव्य सम्मान किया और इस धार्मिक आयोजन के सफल संचालन हेतु अपनी ओर से 21,000 रुपये की नकद सहयोग राशि यज्ञ समिति को सौंपी।जैसे ही प्रधान प्रतिनिधि ने व्यास पीठ का पूजन व सम्मान किया, पूरा पंडाल ‘जय श्री राम’ और ‘वीर हनुमान’ के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान भक्तों को संबोधित करते हुए मोनू शुक्ला ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में शांति, शुचिता और भाईचारे का संदेश जाता है। यज्ञ की पवित्रता और कथा के श्रवण से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।आयोजन में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़ ने यज्ञ शाला की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस दौरान यज्ञ समिति के सदस्य, क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस दिव्य अनुष्ठान को सफल बनाने में अपना सक्रिय योगदान दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button