महाशिवरात्रि और होली की तैयारियों को लेकर क्षेत्राधिकारी गोवर्धन ने थाने में की पीस कमेटी की बैठक

होली पर डीजे और मिट्टी वाले गुलाल पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
मथुरा। महाशिवरात्रि पर्व और होली की तैयारी को लेकर क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह और थाना प्रभारी गोवर्धन भगवत सिंह गुर्जर ने स्थानीय गणमान्य लोगों, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, तथा आसपास के क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की जिसमें महाशिवरात्रि पर्व पर बाहर से आने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को लेकर चर्चा की गई। साथ ही स्थानीय लोगों से होली पर्व को शांति और सुरक्षित तरीके से कैसे मनाया जा सके इसके बारे में सुझाव लिए गए तथा जो भी समस्याएं स्थानीय लोगों ने बताई उनके निराकरण के लिए भी क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी ने कहा कि होली पर्व आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है इस पर्व पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं भी एक अच्छा संदेश लेकर जाएं इसके लिए सभी स्थानीय लोगों को भी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में सहयोग करना चाहिए। महाशिवरात्रि पर्व और होली पर डीग अड्डा से लेकर एकता तिराहे तक बाहरी वाहनों के प्रवेश तथा ई-रिक्शाओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का भी सुझाव दिया गया। जिस पर थाना प्रभारी भागवत सिंह ने आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

