जीडीए सचिव ने विभिन्न अनुभागों का किया निरीक्षण, समयबद्ध व पारदर्शी कार्य के दिए निर्देश

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के सचिव विवेक मिश्रा द्वारा सोमवार को प्राधिकरण के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया और सिंगल विंडो सिस्टम को अपडेट कर जनसामान्य को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सचिव महोदय ने अनुभागों में संचालित कार्यों, फाइलों के निस्तारण, अभिलेखों के रख-रखाव तथा कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। साथ ही लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा आमजन से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय की साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और रिकॉर्ड प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए। सचिव महोदय ने कहा कि प्राधिकरण की कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार कर नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करना जीडीए की प्राथमिकता है। निरीक्षण के समय संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



