शिक्षा

पुलिस मॉडर्न स्कूल में छात्राओं को सिखाए सड़क सुरक्षा के नियम, यातायात निरीक्षक बलवीर सिंह ने किया जागरूक

आगरा से ब्यूरो चीफ मयूर खान

आगरा में यातायात माह-2026 के अंतर्गत आगरा यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 नवंबर 2026 को डीसीपी ट्रैफिक ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद के निर्देशन में यातायात निरीक्षक (टीआई) बलवीर सिंह द्वारा पुलिस मॉडर्न स्कूल, आगरा में छात्राओं के लिए विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, विभिन्न यातायात संकेतों और सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। यातायात निरीक्षक ने छात्राओं को समझाया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सड़क पर चलते समय हमेशा सतर्क रहना और यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।

इस दौरान छात्राओं को जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। उन्हें स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवारजनों, मित्रों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ उन्हें सड़क सुरक्षा का जिम्मेदार संदेशवाहक बनाना रहा।

डीसीपी ट्रैफिक ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा यातायात माह के दौरान विभिन्न स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस का संदेश है कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन के संदेश के साथ यातायात पुलिस ने सभी से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button