शहर-राज्य

भाई की पुण्यतिथि पर 300 से अधिक हेलमेट बांटकर दिया सुरक्षा का संदेश

दो साल पहले सड़क हादसे में हुई थी रजत चौबे की मौत, अधिकारियों ने यातायात नियमों के पालन के लिए किया जागरूक।

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

सिद्धार्थनगर। साड़ी चौराहे पर सोमवार को सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दो वर्ष पूर्व सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रजत चौबे की दूसरी पुण्यतिथि पर उनके परिजनों ने 300 से अधिक हेलमेट वितरित किए। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार और नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविंद माधव ने लोगों को हेलमेट वितरित कर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इस दौरान एआरटीओ संजय सिंह और यातायात क्षेत्राधिकारी राम कुमार सिंह ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए है। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, तेज गति और लापरवाही से वाहन न चलाएं तथा सड़क पर अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।कार्यक्रम के आयोजक और रजत चौबे के भाई जतिन चौबे ने बताया कि दो वर्ष पहले इसी दिन साड़ी चौराहे पर सड़क दुर्घटना में उनके भाई की मौत हो गई थी। हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ हुई घटना को बदला नहीं जा सकता, लेकिन लोगों को जागरूक कर ऐसी दुर्घटनाओं में जान जाने से बचाया जा सकता है। उन्होंने अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें, क्योंकि घर पर परिवार के लोग उनका इंतजार कर रहे होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button