महिला अस्पताल में दो महीने से डिब्बे में बंद थायराइड जांच मशीन, निरीक्षण टीम ने जताई नाराजगी

गाजियाबाद। सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए चल रहे स्टेट रिव्यू मिशन (एसआरएम) के निरीक्षण में गाजियाबाद की स्वास्थ्य इकाइयों में कई खामियां सामने आई हैं। जिला महिला अस्पताल में थायराइड जांच के लिए आई मशीन दो महीने बाद भी डिब्बे में बंद मिली। मशीन इंस्टॉल नहीं होने की जानकारी मिलने पर निरीक्षण टीम ने नाराजगी जताई और इसे जल्द चालू कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिला एमएमजी अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर में भी व्यवस्थाओं की जांच के दौरान कमियां मिलीं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत एसआरएम के दूसरे चरण में 14 नवंबर से प्रदेश के आठ मंडलों में स्वास्थ्य इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। इसके लिए 200 से अधिक अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें लगाई गई हैं। निरीक्षण 20 नवंबर तक चलेगा। सोमवार को संयुक्त निदेशक डॉ. देवेश कुमार सिंह जिला महिला अस्पताल पहुंचे और विभिन्न विभागों का जायजा लिया। महिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में निरीक्षण के दौरान टीम को थायराइड जांच की मशीन डिब्बे में रखी मिली। अधिकारियों ने जब इसके बारे में जानकारी मांगी तो बताया गया कि मशीन करीब दो महीने पहले अस्पताल में आई थी, लेकिन अभी तक इंस्टॉल नहीं की गई है। इस पर टीम ने नाराजगी जताते हुए मशीन को जल्द स्थापित कर जांच सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने जिला एमएमजी अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां भी विभिन्न व्यवस्थाओं में कमियां सामने आईं। टीम ने अस्पताल की सेवाओं और उपलब्ध संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर भी पहुंची। यहां ओपीडी से लेकर लेबर रूम तक का निरीक्षण किया गया। परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। हालांकि संस्थागत प्रसव की स्थिति पर टीम ने संतोष जताया। सीएचसी प्रभारी डॉ. भारत भूषण सहित स्वास्थ्य कर्मियों से विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में पूछताछ भी की गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल की ओर से जारी आदेश के अनुसार दूसरे चरण में बरेली, अयोध्या, झांसी, कानपुर, अलीगढ़, बस्ती, मेरठ और मिर्जापुर मंडल में निरीक्षण किया जा रहा है। सात मंडलों में 14 से 17 नवंबर तक और मेरठ मंडल में 14 से 20 नवंबर तक निरीक्षण निर्धारित है। प्रत्येक टीम में 26 सदस्य शामिल हैं। निरीक्षण में मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपकेंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और नगरीय स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। टीमों को ओडीके प्लेटफॉर्म पर निर्धारित सूची के माध्यम से जांच करनी है। प्रत्येक स्वास्थ्य इकाई की जियो टैगिंग और तस्वीरें भी भेजी जा रही हैं। निरीक्षण के बाद रिपोर्ट तैयार कर 22 नवंबर तक राज्य स्तर पर भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे समीक्षा की जाएगी।



