ग़ाज़ियाबाद

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न, गंगनहर घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब 

गाजियाबाद। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हो गया। अंतिम दिन तड़के से ही गंगनहर घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूर्वांचल समाज के हजारों श्रद्धालुओं ने छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना की।
सोमवार को सूर्योदय से पहले ही व्रती महिलाएं और उनके परिजन पूजा सामग्री लेकर गंगनहर घाट पहुंचने लगे थे। पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाओं ने सूप में फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सजाकर नहर के पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। सूर्य देव की उपासना के साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा हुआ और व्रती महिलाओं ने पारण कर चार दिवसीय महापर्व का समापन किया। इस दौरान गंगनहर घाट पर सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। घाट पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे और श्रद्धालु पूजा-अर्चना में लीन दिखाई दिए। परिवार के सदस्यों ने भी व्रतियों के साथ पूजा में भाग लिया। श्रद्धालुओं ने छठी मैया से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और संतान की दीर्घायु की प्रार्थना की। चार दिनों तक चले महापर्व में नहाय-खाय, खरना, डूबते सूर्य को अर्घ्य और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपराओं का निर्वहन किया गया। रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं पूरी रात पूजा की तैयारी और उपासना में जुटी रहीं। सोमवार सुबह सूर्योदय के साथ ही पर्व का अंतिम विधान पूरा हुआ। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गंगनहर घाट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज और थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मौर्य ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। नहर में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पीएसी के गोताखोर तैनात किए गए थे। इसके अलावा पुलिसकर्मी नाव के जरिए लगातार नहर में गश्त कर निगरानी करते रहे। पुलिस अधिकारियों ने घाट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा इंतजामों पर नजर रखी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button