शहर-राज्य

यातायात माह का आगाज, पुलिस कमिश्नर ने दिलाया सड़क सुरक्षा का संकल्प

आगरा से ब्यूरो चीफ मयूर खान

आगरा में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल एवं अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में यातायात पुलिस क्लब में फीता काटकर यातायात माह का औपचारिक शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त यातायात, पुलिस उपायुक्त नगर, पुलिस उपायुक्त पूर्वी, अपर पुलिस उपायुक्त नगर/अपराध, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, सहायक पुलिस आयुक्त हरीपर्वत/लाइन्स, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सहित कमिश्नरेट आगरा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

यातायात माह के दौरान आगरा पुलिस की ओर से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर वाहन चालकों, छात्र-छात्राओं और आमजन को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया जाएगा। लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और अन्य सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ सुरक्षित यातायात के लिए जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

जागरूकता के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को जिम्मेदार यातायात व्यवहार के लिए प्रेरित करना है।

पुलिस ने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों को केवल कार्रवाई के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी समझकर अपनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button