ग़ाज़ियाबाद

गहने डबल करने का लालच देकर युवक से चेन-अंगूठी ठगी

साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मेवाड़ कॉलेज के पास टप्पेबाजों ने गहने डबल करने का लालच देकर एक युवक से सोने की चेन और अंगूठी उतरवा ली। शातिरों ने पहले युवक को बातों में उलझाया और फिर अपने झांसे में लेकर गहने ठग लिए। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेरठ के गंगानगर स्थित गंगाधाम निवासी नमन चौधरी ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले वह वसुंधरा से अपनी पत्नी को लेने आए थे। मेवाड़ कॉलेज के पास वह बाइक टैक्सी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक उनके पास पहुंचा और दिल्ली जाने का रास्ता पूछने लगा। नमन उसे रास्ता बताने लगे, तभी दूसरा युवक भी वहां आ गया। उसने मदद करने के बहाने बातचीत शुरू कर दी। दोनों युवकों ने नमन को अपनी बातों में उलझा लिया और उन्हें पार्क में ले गए। वहां आरोपियों ने गहने डबल करने का लालच दिया। उनके झांसे में आकर नमन ने अपनी अंगूठी और चेन उतारकर उन्हें दे दी। गहने सौंपने के बाद वह कुछ देर तक वहीं बैठे रहे। जब उन्हें होश आया और आसपास देखा तो दोनों युवक गायब थे। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। पीडि़त ने मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद दो अज्ञात टप्पेबाजों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button