ग़ाज़ियाबाद

सीजेपी के ‘दिल्ली चलो’ आह्वान पर गाजियाबाद में पुलिस अलर्ट

साहिबाबाद। सीजेपी के 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुटने के आह्वान के मद्देनजर गाजियाबाद पुलिस अलर्ट हो गई है। शुक्रवार को पुलिस ने यूपी बॉर्डर और अप्सरा बॉर्डर पर दिनभर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की। सुरक्षा व्यवस्था के तहत इंदिरापुरम, कौशांबी, खोड़ा, साहिबाबाद और शालीमार गार्डन क्षेत्र का पुलिस बल तैनात रहा। चेकिंग के कारण बॉर्डर इलाकों में सुबह और शाम जाम की स्थिति बनी रही, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने दिल्ली जाने वाले वाहनों को रोककर चालकों से पूछताछ की और उनके गंतव्य के बारे में जानकारी ली। डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने बताया कि दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल होने जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। संदिग्ध प्रतीत होने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निजी काम से दिल्ली जाने वाले लोगों को नहीं रोका जा रहा है। चेकिंग के दौरान विजय नगर निवासी अभिषेक और इंदिरापुरम निवासी अनुराग ने बताया कि वे अपने दोस्तों के साथ कार से जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और बाद में जाने दिया। उनका कहना था कि प्रदर्शन के मद्देनजर की जा रही चेकिंग के कारण जाम लग रहा है। इससे बचने के लिए लोगों को मुख्य मार्गों के बजाय वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजनीतिक नेताओं पर भी निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस की कार्रवाई में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें कांग्रेस नेता लोकेश चौधरी और आप नेता आकाश सहित लोनी, मोदीनगर और साहिबाबाद क्षेत्र के कई नेता शामिल बताए गए हैं। पुलिस कांग्रेस नेता बिजेंद्र यादव के घर भी पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिले। पुलिस संबंधित नेताओं को घर पर रहने के लिए कह रही है, ताकि वे दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में शामिल न हो सकें। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सतर्कता बरती जा रही है। लोनी, मोदीनगर और साहिबाबाद समेत विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। बॉर्डर पर चेकिंग और नेताओं पर नजर रखने की कार्रवाई के बीच जिले में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button