जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। बड़ी संख्या में लोगों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए उनके समाधान की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करते हुए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से गरीब, पीडि़त, दिव्यांग, बुजुर्ग एवं बेसहारा लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र लोगों को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए तथा प्रत्येक मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि फरियादियों को समय से राहत मिले और निस्तारण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी नगर, सिटी मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

