‘ढोल की थाप पर रावण दूत ने की मुनादी, अनोखी झांकी देखने उमड़ी भीड़

गाजियाबाद। ‘हा… हा… हा… नगर में रावण राज शुरू हो गया है। अब हर कोई राजा रावण का ही नाम जपेगा। किसी ने राम का नाम लिया तो उसे दंड दिया जाएगा।Ó ढोल की थाप के बीच गूंजती कर्कश आवाज और रावण के दूत की अनोखी वेशभूषा ने रविवार शाम शहर का माहौल रामलीला के रंग में रंग दिया। रावण के दूत की मुनादी सुनने और उसकी झांकी देखने के लिए बच्चों, महिलाओं और आम लोगों की भीड़ जगह-जगह जुट गई। श्री सुल्लामल रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला का शुभारंभ रविवार को परंपरागत रूप से रावण के दूत की मुनादी के साथ हुआ। शाम करीब छह बजे ठाकुरद्वारा मंदिर से ‘रावण का दूत-मक्खी चूस’ हास्य कलाकार की झांकी निकाली गई। इससे पहले उस्ताद अशोक गोयल, अध्यक्ष अजय बंसल और सवारी मंत्री अजय गुप्ता ने विधिवत पूजा-अर्चना कर रावण दूत की सवारी को रवाना किया। रावण दूत की सवारी ठाकुरद्वारा मंदिर से प्रारंभ होकर दिल्ली गेट, चौपला मंदिर, डासना गेट, रमतेराम रोड, राइटगंज और अग्रसेन बाजार होते हुए वापस ठाकुरद्वारा मंदिर पहुंची। नगर भ्रमण के दौरान रावण दूत ढोल बजाते हुए जोर-जोर से मुनादी करता रहा। वह लोगों को चेताते हुए कह रहा था कि अब नगर में राजा रावण का शासन शुरू हो गया है। कोई भी व्यक्ति राम का नाम न ले, अन्यथा राजा रावण उसे दंडित करेंगे। रावण दूत के इस हास्य और संवाद से लोगों का खूब मनोरंजन हुआ। बाजारों और सड़कों के किनारे खड़े लोगों ने झांकी का आनंद लिया और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इस अनोखे दृश्य को कैमरे में भी कैद किया। रावण दूत की सवारी जैसे-जैसे शहर के प्रमुख बाजारों से आगे बढ़ी, लोगों की भीड़ भी बढ़ती गई। खासकर बच्चों में रावण दूत की झांकी को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। दूत की वेशभूषा, उसका अंदाज और ढोल की थाप पर की जा रही मुनादी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। रावण के दूत की भूमिका वीरेंद्र कुमार कंडेरे ने निभाई। उन्होंने अपने हास्य अभिनय और संवाद अदायगी से पूरे नगर भ्रमण के दौरान लोगों का मनोरंजन किया। रामलीला के शुभारंभ की यह परंपरा शहर में वर्षों से लोगों के आकर्षण का केंद्र रही है और इस बार भी लोगों में खासा उत्साह नजर आया। रावण दूत की सवारी में संजीव मित्तल, अनिल चौधरी, नरेश अग्रवाल, प्रदीप मित्तल, सुधीर गोयल मोनू, रविंद्र मित्तल, वीरो बाबा, दिनेश शर्मा बब्बे, नंद किशोर शर्मा, सुभाष शर्मा, हिमांशु, शिवांशु गर्ग, सुभाष चंद्र बजरंगी, प्रदीप गर्ग, अजय, नितिन मित्तल, श्रवण अग्रवाल, सुनील कुमार शिरो, लव पंडित, सचिन मित्तल, कुश बजरंगी, पवन काश्यप, अजय नंदा, विवेक और पार्षद नीरज गोयल सहित कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। रावण दूत की मुनादी के साथ शुरू हुई रामलीला को लेकर शहरवासियों में आने वाले दिनों में होने वाले मंचन को लेकर भी उत्सुकता बढ़ गई है। आयोजकों ने बताया कि रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।



