शहर-राज्य

दहेज हत्या में फरार पति गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

विवाहिता की मौत के मामले में पति समेत चार पर दर्ज हुआ था मुकदमा, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत।दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या कर शव फंदे पर लटकाने के आरोप में फरार चल रहे आरोपी पति को पूरनपुर पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव चिड़ैयादाह निवासी ओमकार ने पूरनपुर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उन्होंने अपनी पुत्री संतोष कुमारी का विवाह फरवरी 2026 में पूरनपुर क्षेत्र के गांव सुआबोझ निवासी अनुज कुमार के साथ किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग संतोष को कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे थे।परिजनों ने आरोप लगाया कि पति अनुज कुमार, जेठ मनोज कुमार, सास सुनीता देवी और ससुर रामचंद्र अतिरिक्त दहेज के रूप में दो लाख रुपये और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।परिजनों के अनुसार, 28 सितंबर की सुबह उन्हें संतोष की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे। पिता ओमकार ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने उनकी पुत्री की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटका दिया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। बुधवार को पुलिस टीम ने मामले में फरार चल रहे आरोपी पति अनुज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने बताया कि दहेज हत्या के मामले में फरार आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button