कलियर शरीफ में मुरादाबाद के मोहम्मद अनवार मलिक ने की चादरपोशी

अकीदतमंदों ने साबिर पाक की दरगाह पर पेश की चादर, मुल्क में अमन-भाईचारे और खुशहाली की मांगी दुआ
मुरादाबाद। राष्ट्रीय भाईचारा चौधरी चरण सिंह मिशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव मोहम्मद अनवार मलिक अपनी टीम के साथ उत्तराखंड स्थित कलियर शरीफ पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध दरगाह हजरत साबिर पाक पर अकीदत के साथ हाजिरी दी और चादरपोशी की रस्म अदा कर देश में अमन, चैन, खुशहाली, आपसी भाईचारे और तरक्की की दुआ मांगी।
दरगाह शरीफ पहुंचने पर अकीदतमंदों ने पूरे अदब और एहतराम के साथ मजार-ए-मुबारक पर चादर पेश की। इस दौरान फातिहाख्वानी और दुआ-ए-खैर का सिलसिला भी हुआ। मोहम्मद अनवार मलिक ने कहा कि बुजुर्गाने-दीन की दरगाहें इंसानियत, मोहब्बत, भाईचारे और एकता का पैगाम देती हैं। इन मुकद्दस स्थानों पर पहुंचकर दिल को सुकून मिलता है और समाज में आपसी सौहार्द कायम रखने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान बिट्टू, रिजवान एवं चीमा पहलवान की दस्तारबंदी की रस्म भी अदा की गई। दस्तारबंदी के दौरान मौजूद लोगों ने उन्हें मुबारकबाद दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए दुआ की।
इस धार्मिक एवं रूहानी कार्यक्रम में दूर-दराज के क्षेत्रों के साथ-साथ कलियर शरीफ से आए अकीदतमंदों और स्थानीय लोगों ने भी शिरकत की। सभी ने मिलकर मुल्क में अमन-ओ-अमान, भाईचारे, आपसी मोहब्बत और खुशहाली के लिए दुआ की।
इस मौके पर चौधरी चरण सिंह विचारधारा से जुड़े अनवर मलिक, आसिफ ठेकेदार, चीमा पहलवान, बिट्टू, साहू मीर, तस्लीम, साबरी, रिजवान, गुड्डू मियां और खादिम समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


