सुनने-बोलने में असमर्थ बच्चों के जीवन में आएगी नई आवाज-अभिभावक समय रहते करें आवेदन, मेरठ के दो अस्पतालों में होगा ऑपरेशन
गाजियाबाद। जन्म से सुनने में असमर्थ और सुनने की अक्षमता के कारण बोल नहीं पाने वाले बच्चों के लिए प्रदेश सरकार की कॉक्लियर इम्प्लांट योजना उम्मीद की नई किरण लेकर आई है। योजना के तहत पात्र बच्चों का कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन पूरी तरह निशुल्क कराया जाता है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने जनपदवासियों से अपील की है कि ऐसे बच्चों के अभिभावक समय रहते योजना का लाभ उठाएं, ताकि बच्चों के सुनने और बोलने की क्षमता विकसित करने में मदद मिल सके। जिलाधिकारी ने बताया कि कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन और उससे संबंधित उपचार पर सामान्य रूप से करीब छह लाख रुपये तक का खर्च आता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इतनी बड़ी धनराशि जुटाना मुश्किल होता है। ऐसे परिवारों के पात्र बच्चों को प्रदेश सरकार की योजना के माध्यम से निशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि कॉक्लियर इम्प्लांट के लिए बच्चे की आयु बेहद महत्वपूर्ण है। योजना के अंतर्गत पांच वर्ष तक की आयु के पात्र बच्चों का ऑपरेशन कराया जाता है। ऐसे में यदि किसी बच्चे को जन्म से सुनाई नहीं देता है और सुनने की अक्षमता के कारण वह बोल नहीं पा रहा है तो उसके अभिभावकों को बिना देरी किए आवेदन करना चाहिए। कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन के लिए उत्तर प्रदेश में 19 चिकित्सालय सूचीबद्ध किए गए हैं। इन्हीं सूचीबद्ध चिकित्सालयों में योजना के पात्र बच्चों का ऑपरेशन कराया जाता है। गाजियाबाद के पात्र बच्चों का कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन लोकप्रिय अस्पताल, मेरठ और न्यूट्रिमा अस्पताल, मेरठ में कराया जाता है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने लोगों से अपील की कि यदि उनके परिवार, रिश्तेदारी या आसपास पांच वर्ष तक की आयु का कोई जन्मजात श्रवण एवं वाक् बाधित बच्चा है तो उसके अभिभावकों को इस योजना की जानकारी जरूर दें। उन्होंने कहा कि समय रहते कॉक्लियर इम्प्लांट होने से बच्चे की सुनने और बोलने की क्षमता विकसित करने में सहायता मिल सकती है और वह सामान्य जीवन की ओर आगे बढ़ सकता है। योजना से संबंधित जानकारी के लिए दिव्यांग हेल्प डेस्क, गाजियाबाद के दूरभाष नंबर 8189038730 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा 8791491011 पर व्हाट्सऐप संदेश भेजकर भी योजना की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। गाजियाबाद जनपद के इच्छुक अभिभावक जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, गाजियाबाद के कमरा संख्या 130 एवं 133 में संपर्क कर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।




