ग्राम पंचायत दहियाड़ के टोला लौसा में लगा ग्राम चौपाल, ग्रामीणों को योजनाओं की दी जानकारी

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। गांव की समस्याओं का समाधान गांव में ही कराने की मंशा को लेकर शोहरतगढ़ विकास खण्ड की ग्राम पंचायत दहियाड़ के टोला लौसा स्थित विद्यालय परिसर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सचिव शकील अहमद ने की। कार्यक्रम में ग्रामीणों को केन्द्र व प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों व कर्मचारियों ने पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, व्यक्तिगत शौचालय, पीएम किसान सहित ब्लॉक स्तर से संचालित योजनाओं के बारें में विस्तार से बताया। सचिव शकील अहमद ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के पंजीयन की प्रक्रिया के सम्बन्ध में जानकारी दी और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए गांव को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया। आरबीआई बैंक प्रतिनिधि सन्तोष शुक्ला ने ग्रामीणों को बैंकिंग एवं बीमा सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही मशरूम की खेती, अगरबत्ती, मोमबत्ती, अचार व मसाला पाउडर निर्माण जैसे घरेलू उद्योगों के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। तो वहीं महिला विकास संस्थान के ब्लॉक ऑफिसर अमन शर्मा ने बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई। उन्होंने साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ0 विशाल दीक्षित व उनकी टीम ने शिविर लगाकर लोगों को आयुर्वेद के प्रति जागरूक किया। इस दौरान लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरत के अनुसार आयुर्वेदिक दवाएं भी वितरित की गईं। इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि पिन्टू पटेल, प्रधानाचार्य लाल बहादुर, शिक्षक मीनू पाण्डेय, मिथलेश चौधरी, आयुर्वेद चिकित्साकर्मी अजय कुमार मिश्रा, आलोक पाण्डेय, रोहित कुमार, सफाई कर्मी नन्दलाल, श्याम नन्द समेत राम बहोरे, शंकर, मिठाई लाल, कृष्णा, रशीद अली, राजमन चौकीदार, केतकी आदि मौजूद रहे।

