ग़ाज़ियाबाद

भूमाफिया पर प्रशासन का शिकंजा, 13 नए नाम चिन्हित, लोनी में 10, सदर में दो और मोदीनगर में एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित

गाजियाबाद। गरीब, बेसहारा और आमजन की जमीन पर अवैध कब्जा करने तथा भूमि संबंधी धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देश पर जिले की सभी तहसीलों में गठित भूमाफिया टास्क फोर्स द्वारा भूमि संबंधी मामलों की गहन जांच और समीक्षा की जा रही है। इसी कार्रवाई के तहत प्रशासन ने 13 नए व्यक्तियों को भूमाफिया के रूप में चिन्हित किया है। इनके खिलाफ भूमाफिया के रूप में कार्रवाई किए जाने के लिए संबंधित स्तर पर संस्तुति और प्रस्ताव भेजे जा रहे हैं। तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में गठित टास्क फोर्स की टीमों ने ऐसे मामलों को चिह्नित किया है, जिनमें एक ही भूमि या भूखंड को एक से अधिक लोगों को बेचने, जमीन पर अवैध कब्जा करने, भूमि संबंधी धोखाधड़ी और अन्य गंभीर विवादों की शिकायतें सामने आई हैं। उपलब्ध अभिलेखों और तथ्यों के आधार पर संबंधित मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। चिन्हित किए गए 13 व्यक्तियों में लोनी तहसील के 10, सदर तहसील के दो और मोदीनगर तहसील का एक व्यक्ति शामिल है। प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज होने अथवा न्यायिक एवं प्रशासनिक स्तर पर प्रकरण लंबित होने की स्थिति में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गरीब, कमजोर और आम नागरिकों की भूमि पर अवैध कब्जे, फर्जीवाड़े या धोखाधड़ी की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाए। उन्होंने पीडि़तों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए भूमि संबंधी शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भूमि संबंधी अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button