गोकुल बैराज के पास एसपी ट्रैफिक के पेशकार दरोगा का शव मिला, सरकारी पिस्टल से आत्महत्या की आशंका
मथुरा। थाना सदर क्षेत्र में गोकुल बैराज के पास यमुना किनारे गुरुवार को एसपी ट्रैफिक के पेशकार सब-इंस्पेक्टर पंकज कुमार यादव का शव मिलने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। 2019 बैच के दरोगा पंकज कुमार मूल रूप से एटा जिले के रहने वाले थे और वर्तमान में मथुरा में एसपी ट्रैफिक के पेशकार के रूप में तैनात थे।
पुलिस के अनुसार, उनका शव पुलिस वर्दी में मिला और मौके से सरकारी सर्विस पिस्टल भी बरामद हुई। एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार, पिस्टल उन्हें आज ही जारी की गई थी। शुरुआती जांच में सरकारी पिस्टल से गोली चलने के कारण मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मृतक दरोगा की पत्नी भी मथुरा में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं और सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचीं। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मथुरा में मौजूदगी के चलते पुलिस प्रशासन पहले से ही हाई अलर्ट पर था। इसी दौरान दरोगा का शव मिलने से विभाग में हड़कंप मच गया। जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मामले की विस्तृत जांच के लिए लगाए गए हैं, जिससे दरोगा की मौत का स्पष्ट कारण मालूम हो सके। हालांकि पुलिस दरोगा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। दरोगा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



