ग़ाज़ियाबाद

बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और विकास में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: मुख्य विकास अधिकारी-कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय रजापुर का औचक निरीक्षण, कक्षाओं में पहुंचकर परखी शिक्षण व्यवस्था

गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने गुरुवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, रजापुर का औचक निरीक्षण कर बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और आवासीय सुविधाओं का जायजा लिया। प्रात: करीब 11:15 बजे विद्यालय पहुंचे सीडीओ ने कक्षाओं में जाकर शिक्षण कार्य देखा और बालिकाओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वर्ष 2007 में स्थापित विद्यालय के निरीक्षण के दौरान समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। विद्यालय में नौ शैक्षणिक और सात गैर-शैक्षणिक कार्मिक कार्यरत हैं। मुख्य द्वार पर पीआरडी जवान की तैनाती भी पाई गई। सीडीओ ने सबसे पहले कक्षा आठ में चल रही पढ़ाई का निरीक्षण किया, जहां शिक्षिका संजू यादव बालिकाओं को सामाजिक विषय पढ़ा रही थीं। उन्होंने छात्राओं से विषय से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका बालिकाओं ने सही एवं संतोषजनक उत्तर दिया। सीडीओ ने छात्राओं से विद्यालय में मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। कक्षा सात में शिक्षिका गार्गी द्वारा बालिकाओं को खेल गतिविधि के तहत सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया जा रहा था। सीडीओ ने नियमित योग और शारीरिक गतिविधियों की सराहना करते हुए बालिकाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने कक्षा छह में शिक्षिका माण्डवी मलिक द्वारा कराए जा रहे अंग्रेजी विषय के अध्यापन का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने विद्यालय के रसोईघर और छात्रावास का भी जायजा लिया। रसोईघर में निर्धारित मेन्यू के अनुसार बालिकाओं को भोजन उपलब्ध कराया जाना पाया गया। छात्रावास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जिला समन्वयक, बालिका शिक्षा और वार्डन को निर्देश दिया कि विद्यालय में लगे आरओ फिल्टर की प्रत्येक माह नियमित सर्विसिंग कराई जाए। उन्होंने सर्विसिंग का पूरा विवरण दर्ज करने के लिए मासिक चार्ट तैयार कर उसे प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने को कहा, ताकि इसकी नियमित निगरानी हो सके। विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने मैदान में घास की नियमित छंटाई और आवश्यक साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना विद्यालय प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं को केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उन्हें सांस्कृतिक, खेलकूद और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी अधिक से अधिक अवसर दिए जाएं। उन्होंने जनपद में आयोजित प्रशासनिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं के स्कूली बैंड की सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए। सीडीओ ने विद्यालय की कंप्यूटर लैब में संचालित आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता कार्यशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अध्यापिकाओं को निर्देश दिया कि एफएलएन गतिविधियों को प्रभावी ढंग से कक्षाओं में लागू किया जाए, जिससे बालिकाओं की आधारभूत साक्षरता और गणितीय दक्षताओं में अपेक्षित सुधार हो सके। उन्होंने गतिविधि आधारित और नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि बालिकाओं की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय को ऐसा आदर्श शैक्षणिक वातावरण बनाया जाए, जहां बालिकाओं को शिक्षा के साथ आत्मविश्वास, कौशल और व्यक्तित्व विकास के पर्याप्त अवसर मिल सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button