शहर-राज्य

आईजीआरएस निस्तारण में संतकबीरनगर प्रदेश में प्रथम, उत्कृष्ट पुलिसकर्मी सम्मानित

संतकबीरनगर। आईजीआरएस पोर्टल पर जुलाई माह में जनशिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में जनपद संतकबीरनगर ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना ने नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले उपनिरीक्षकों को ₹1,500 तथा आरक्षी एवं कांस्टेबलों को ₹1,000 का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। सम्मानित पुलिसकर्मियों में विभिन्न थानों के आईजीआरएस प्रभारी, पुलिसकर्मी, महिला पुलिसकर्मी, साइबर क्राइम थाना एवं पुलिस कार्यालय के कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने सभी सम्मानित कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। पीड़ित को न्याय दिलाना और उसकी समस्या का समाधान करना पुलिस का मुख्य कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि आईजीआरएस में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना सामूहिक प्रयास, बेहतर पर्यवेक्षण तथा जनशिकायतों के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग का परिणाम है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से कार्य करने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button