ग़ाज़ियाबाद

पीआरडी स्वयंसेवकों को योगी सरकार की सौगात, ड्यूटी भत्ता बढ़कर हुआ 600 रुपये प्रतिदिन-पांच लाख रुपये सालाना कैशलेस इलाज की सुविधा, लखनऊ में मल्टीस्टोरी बैरक का शिलान्यास

गाजियाबाद। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रान्तीय रक्षक दल (पीआरडी) के स्वयंसेवकों को बड़ी सौगात देते हुए उनके ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी के साथ स्वास्थ्य सुविधा और आवासीय व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ ताल, गोरखपुर में आयोजित पीआरडी स्वयंसेवकों के सम्मेलन का प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों पर लाइव प्रसारण किया गया। गाजियाबाद में भी कार्यक्रम के दौरान पीआरडी स्वयंसेवकों ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं को सुना। मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों के हित में तीन प्रमुख घोषणाएं कीं। इसके तहत लखनऊ में पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए मल्टीस्टोरी बैरक का शिलान्यास किया गया। इसके अलावा स्वयंसेवकों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों के लिए प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। वहीं ड्यूटी भत्ते को 500 रुपये प्रतिदिन से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ प्रदेश के विकास और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवक विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए प्रशासन और समाज के बीच अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके हितों को ध्यान में रखते हुए ड्यूटी भत्ते में वृद्धि और उनके परिवारों के लिए पांच लाख रुपये वार्षिक कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा सराहनीय कदम है। इससे स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा भी मिलेगी। विधायक ने कहा कि सरकार कर्मचारियों और विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर मानदेय, भत्ते और अन्य सुविधाओं में आवश्यक बदलाव कर रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी विकास की मुख्यधारा से जोडऩा और सभी वर्गों का आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ और परियोजना निदेशक प्रदीप कुमार पाण्डेय ने भी जनपद के पीआरडी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की ओर से की गई घोषणाओं से स्वयंसेवकों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन में नई ऊर्जा मिलेगी। इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रजापुर नूतन सोनकर, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी मुरादनगर ऋचा तिवारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी लोनी आशिमा गोस्वामी, व्यायाम प्रशिक्षक सौरभ कुमार सहित विभागीय स्टाफ मौजूद रहा। अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button