शहर-राज्य

स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं: डीएम

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

सिद्धार्थनगर। गुरुवार को जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में अंबेडकर सभागार में विद्यालय प्रबंधकों के साथ हुई। बैठक में डीएम ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा और वैधानिक मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जो वाहन विद्यालय के संचालन में नहीं हैं अथवा कटवाकर समाप्त किए जा चुके हैं, लेकिन आरटीओ कार्यालय के अभिलेखों में दर्ज हैं, उनका नियमानुसार पंजीयन निरस्त कराया जाए। जिन वाहनों की फिटनेस, परमिट या अन्य जरूरी प्रपत्र समाप्त हो चुके हैं, उन्हें बच्चों के आवागमन में कतई प्रयोग न किया जाए। 15 वर्ष पुराने वाहनों का भी विद्यालय में बच्चों के परिवहन के लिए संचालन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने प्रत्येक स्कूल वाहन में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी के लिए अटेंडेंट की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा। विद्यालय द्वारा बेचे गए वाहनों का स्वामित्व समय से दूसरे व्यक्ति के नाम स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए। डीएम ने चेतावनी दी कि अनफिट या अधूरे प्रपत्र वाले वाहन संचालित पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एआरटीओ संजय कुमार सिंह समेत संबंधित अधिकारी और विद्यालय प्रबंधक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button