दहेज उत्पीड़न के बाद विवाहिता की मौत, भाई ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

मुरादाबाद। कुन्दरकी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की मौत के मामले में उसके भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर उत्पीड़न करने और हत्या का आरोप लगाया है। पीड़ित भाई ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
भरमपुरी निवासी पीतम सिंह के अनुसार, उनकी बहन मिथलेश की शादी वर्ष 2021 में कुन्दरकी निवासी राहुल पुत्र मुन्ना सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर मिथलेश को परेशान करता था। पीतम सिंह का आरोप है कि 10 अगस्त की रात ससुराल पक्ष के लोगों ने मिथलेश के साथ मारपीट की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
पीड़ित के अनुसार, मामले में 10 अगस्त को थाना कुन्दरकी में मुकदमा दर्ज कराया गया, जिसमें पति राहुल, ससुर मुन्ना सिंह, सास माया, ननद दीक्षा और हृदेश को नामजद किया गया है। पीड़ित ने बताया कि कुछ नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है।
पीतम सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष की ओर से उन्हें और उनकी दूसरी बहन प्रवेश को धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मिथलेश के तीन छोटे बच्चे वर्तमान में उनके परिवार के पास हैं। बच्चों को लेकर भी दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित भाई ने एसएसपी से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा मामले में शेष आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।



