थानाध्यक्ष दुधारा ने डायल-112/पीआरवी कर्मियों के साथ की बैठक, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

संतकबीरनगर।
थाना दुधारा परिसर में थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा ने थाना क्षेत्र में संचालित डायल-112/पीआरवी (PRV) वाहनों पर नियुक्त समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाना, जनता की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना तथा पीआरवी कर्मियों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं तत्परता बनाए रखना था।
बैठक में दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश
त्वरित रिस्पॉन्स (Quick Response):- कंट्रोल रूम से प्राप्त किसी भी सूचना पर पीआरवी वाहन बिना किसी विलंब के न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुँचे तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे।
उचित एवं न्यायसंगत कार्यवाही:-घटनास्थल पर पहुँचकर स्थिति का गंभीरतापूर्वक आकलन करते हुए नियमानुसार निष्पक्ष एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए।
जनसामान्य के प्रति संवेदनशील व्यवहार:- शिकायतकर्ता एवं आमजन के साथ विनम्र, सम्मानजनक, संवेदनशील एवं पेशेवर व्यवहार किया जाए, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
सतर्कता एवं मुस्तैदी:- ड्यूटी के दौरान सभी कर्मचारी पूर्ण सतर्कता के साथ निर्धारित वर्दी में रहें तथा वायरलेस सेट, टैबलेट एवं अन्य आवश्यक उपकरणों से सुसज्जित रहें।
पारदर्शिता एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग:- प्रत्येक घटना की सही एवं तथ्यपरक रिपोर्ट तैयार कर समय से उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जाए तथा आवश्यक फीडबैक भी उपलब्ध कराया जाए।
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की सुरक्षा एवं सहायता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दायित्व के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक के समापन पर उपस्थित समस्त पीआरवी कर्मियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक, संवेदनशीलता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ पालन करने की शपथ दिलाई गई।



