सऊदी अरब में कमाने गए युवक की मौत, डेढ़ माह बाद भी नहीं पहुंचा शव; बेटे की अंतिम झलक पाने को मां की गुहार

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
इटवा/सिद्धार्थनगर। रोजी-रोटी कमाने के लिए सऊदी अरब गए सिद्धार्थनगर जिले के एक युवक की मौत के डेढ़ माह बाद भी उसका शव भारत नहीं पहुंच सका है। बेटे के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की आस लगाए मां की आंखें लगातार अपने लाल की राह देख रही हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे शासन-प्रशासन से जल्द शव भारत लाने की मांग कर रहे हैं।
मामला जिले के इटवा तहसील क्षेत्र के डोकम अमया गांव निवासी रिजवान अहमद का है। परिजनों के अनुसार, रिजवान सऊदी अरब के नजरान शहर में रहकर रोजगार कर रहे थे। बीते 22 जून को उनकी सऊदी अरब में मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार को उम्मीद थी कि कुछ ही दिनों में शव भारत पहुंच जाएगा, लेकिन डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी उनका पार्थिव शरीर गांव नहीं आ सका है।
बेटे के शव को भारत लाने के लिए मां लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रही है। परिवार ने सिद्धार्थनगर के जिला प्रशासन से लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री तक गुहार लगाई है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकलने से परिवार गहरे सदमे में है।
मृतक की मां का कहना है कि वह अपने बेटे का अंतिम दर्शन करना चाहती हैं और पूरे रीति-रिवाज के साथ उसका अंतिम संस्कार करना चाहती हैं। बेटे की याद में वह दिन-रात आंसू बहा रही हैं। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की है कि भारतीय दूतावास तथा संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द रिजवान अहमद का शव भारत लाया जाए, ताकि परिवार अपने बेटे को अंतिम विदाई दे सके। फिलहाल पूरा परिवार शव के भारत पहुंचने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।



