शहर-राज्य

साइबर ठगी पर शिकंजे की तैयारी, बैंक प्रबंधकों के साथ पुलिस की अहम बैठक

एमआरएम और जीआरएम पोर्टल की दी तकनीकी जानकारी, डिजिटल अरेस्ट समेत नए साइबर अपराधों पर मंथन

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत।जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और साइबर ठगी के पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन में जनपदीय साइबर सेल और बैंक प्रबंधकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई बैठक में साइबर अपराध की रोकथाम के साथ ही पुलिस और बैंकिंग संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।बैठक में जनपदीय साइबर सेल प्रभारी मय टीम, जनपद के बैंक लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) तथा विभिन्न बैंकों की मुख्य शाखाओं के प्रबंधक मौजूद रहे। साइबर सेल की टीम ने बैंक अधिकारियों को एमआरएम और जीआरएम पोर्टल के संबंध में विस्तार से तकनीकी जानकारी दी। साथ ही साइबर मुख्यालय से जारी दिशा-निर्देशों से भी बैंक प्रबंधकों को अवगत कराया गया।अधिकारियों ने साइबर ठगी के बदलते तरीकों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की। बैठक में ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी, ठगों द्वारा अपनाए जा रहे नए तौर-तरीकों और लोगों को निशाना बनाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों की रोकथाम को लेकर पुलिस और बैंक अधिकारियों के बीच समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया गया।साइबर सेल ने कहा कि किसी भी साइबर अपराध की सूचना मिलने पर समय से कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण होती है। पुलिस और बैंकिंग संस्थानों के बीच तत्काल समन्वय होने से पीड़ित के खाते से निकाली गई धनराशि को रोकने या उसके संबंध में प्रभावी कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है।बैठक में आमजन को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैंक अधिकारियों से ग्राहकों को संदिग्ध फोन कॉल, संदेश, लिंक और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से सावधान करने की अपील की गई।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए तकनीकी संसाधनों के साथ-साथ पुलिस, बैंक और आमजन के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। बैठक का मुख्य उद्देश्य साइबर शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button