जेडए की जमीन पर कब्जे का मुकदमा, सात आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा, कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया
वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत। थाना हजारा पुलिस ने जेडए की भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में दर्ज मुकदमे में नामजद सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वालों में खलबली मच गई। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराध नियंत्रण के साथ सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना हजारा पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की थी। इसी क्रम में थानाध्यक्ष शरद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने 30 जुलाई को जनपद लखीमपुर खीरी के थाना संपूर्णानगर क्षेत्र में स्थित ग्राम कमलापुरी कॉलोनी में दबिश दी। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए सभी सात आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाकिर पुत्र रामाशंकर, धनेश पुत्र ऋषिदेव, मंगरु पुत्र नेमधर, प्रहलाद पुत्र ऋषिदेव, रमेश पुत्र ऋषिदेव, मुन्ना लाल पुत्र प्रहलाद तथा बदरी पुत्र रामदरेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी ग्राम कमलापुरी कॉलोनी के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि जेडए की भूमि पर अवैध कब्जे के संबंध में थाना हजारा में आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस को सफलता मिली और सभी नामजद आरोपी गिरफ्त में आ गए।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। थानाध्यक्ष शरद यादव ने बताया कि सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।



