संतों का सम्मान कर 71 दीप जलाए, समाज में सुख-शांति की कामना

मथुरा/चौमुंहा।कस्बा स्थित ब्रह्मा जी मंदिर परिसर में भाजपा नेता व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शोभाराम शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा संत सम्मान एवं दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान संतों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया गया तथा समाज में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए 71 दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
कार्यक्रम में राधा मोहन जी गौशाला के संचालक एवं यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत जयकृष्ण दास महाराज का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं ब्रह्मा जी मंदिर के महंत धनीराम बाबा का भी सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्र और समाज की उन्नति की प्रार्थना की।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पंडित शोभाराम शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में संतों का स्थान सर्वोपरि है। संत समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं और उनके मार्गदर्शन से सामाजिक समरसता, नैतिकता तथा आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ते हैं।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुदिता शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति संतों की परंपरा पर आधारित रही है। संतों के आदर्श और उनके संदेश आज भी समाज को एकजुट रखने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि दीप प्रज्ज्वलन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान, सेवा और सद्भाव का प्रकाश फैलाने का प्रतीक है। उन्होंने सभी से समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। राजाराम शर्मा, सियाराम शर्मा, डॉ राजवीर सिंह, मुरारी सिंह मण्डल अध्यक्ष, राजू पहलवान, जगन्नाथ सिंह, कालू पहलवान, माधव, शिवराम सिंह, राहुल शर्मा, मुकेश सिसोदिया उपस्थित रहे।



