30 जुलाई तक येलो अलर्ट, तेज बारिश, आंधी और वज्रपात को लेकर प्रशासन सतर्क-मौसम विभाग की चेतावनी- आंधी, ओलावृष्टि और व्यापक वर्षा की संभावना

गाजियाबाद। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में मौसम के तेवर बेहद खराब रहने की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन ने आम नागरिकों के लिए सतर्कता संबंधी एडवाइजरी जारी की है। उत्तर प्रदेश मौसम विभाग, लखनऊ ने जनपद गाजियाबाद में 27 जुलाई से 30 जुलाई तक आंधी-तूफान, वज्रपात, ओलावृष्टि और व्यापक वर्षा की संभावना व्यक्त करते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने और बिना आवश्यकता घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अंजनी कुमार सिंह ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी चार दिनों तक जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की स्थिति बन सकती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचाव के लिए सभी नागरिकों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर लगातार नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की आवश्यकता है।
प्रशासन ने लोगों से कहा है कि खराब मौसम के दौरान पुराने एवं जर्जर भवनों, कच्ची दीवारों और कमजोर निर्माणों से दूर रहें। तेज आंधी के समय टीन शेड, होर्डिंग, अस्थायी ढांचे और अन्य हल्के निर्माणों के आसपास खड़े होने से बचें। साथ ही बिजली के खंभों, टूटे हुए विद्युत तारों और खुले विद्युत उपकरणों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। धातु की डंडी वाले छाते का प्रयोग भी नहीं करने की सलाह दी गई है, क्योंकि वज्रपात के दौरान यह जोखिम बढ़ा सकता है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। आंधी और बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचें तथा पेड़ों के नीचे या खुले स्थानों पर शरण न लें। मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी रेडियो, टेलीविजन और विश्वसनीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लगातार प्राप्त करते रहें, ताकि समय रहते आवश्यक सावधानी बरती जा सके। किसानों के लिए भी विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। प्रशासन ने कहा है कि भारी वर्षा, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना के दौरान किसान खेतों में जाने से बचें और मौसम सामान्य होने के बाद ही कृषि कार्य करें। इससे प्राकृतिक आपदाओं के दौरान होने वाली संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सकेगा। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को खराब मौसम के दौरान घर के भीतर सुरक्षित रखने की भी सलाह दी गई है। यदि किसी व्यक्ति को चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता हो तो तत्काल टोल फ्री नंबर 108 अथवा 102 पर संपर्क कर एंबुलेंस सेवा का लाभ लिया जा सकता है। वहीं मौसम से संबंधित सटीक और त्वरित जानकारी प्राप्त करने के लिए नागरिकों को ‘सचेत’ मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की भी सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए स्वयं तथा अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।



