ग़ाज़ियाबाद

4000 वर्गमीटर में बस रही अवैध कॉलोनी जमींदोज, विरोध के बीच चला ध्वस्तीकरण अभियान-कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजरों ने किया विरोध, पुलिस बल की मौजूदगी में जीडीए ने पूरा किया ध्वस्तीकरण अभियान

गाजियाबाद। अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सोमवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुरादनगर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चला दिया। प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने ग्राम शाहपुर रोड स्थित राधा गार्डन में लगभग 4000 वर्गमीटर भूमि पर बिना किसी वैध स्वीकृति के विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजरों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में जीडीए की टीम ने अभियान जारी रखते हुए अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुपालन में चलाए जा रहे अवैध निर्माण विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई प्रभारी प्रवर्तन जोन-2 के नेतृत्व में की गई। मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि संबंधित भूमि पर बिना प्राधिकरण की स्वीकृति और बिना वैध भू-अभिलेखों के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। कॉलोनाइजर द्वारा अवैध रूप से प्लाटिंग कर सड़क तैयार की जा रही थी तथा अन्य निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहे थे।
निरीक्षण के दौरान जब संबंधित लोगों से निर्माण और भूमि से जुड़े स्वीकृत अभिलेख मांगे गए तो कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद जीडीए की टीम ने तत्काल ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। बुलडोजर की मदद से अवैध कॉलोनी में बनाई गई सड़क, बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस तथा अन्य निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माण से जुड़े लोगों ने विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन प्राधिकरण के पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते ने स्थिति को नियंत्रित रखा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिना किसी व्यवधान के पूरा अभियान सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल तथा प्रवर्तन दस्ता मौके पर मौजूद रहा। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर यह भी सुनिश्चित किया कि भविष्य में दोबारा किसी प्रकार का अवैध निर्माण शुरू न हो सके। जीडीए अधिकारियों ने दोहराया कि बिना स्वीकृत मानचित्र और प्राधिकरण की अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आम नागरिकों से भी अपील की गई कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पहले उसकी वैधता, स्वीकृति और प्राधिकरण से संबंधित अभिलेखों की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में आर्थिक नुकसान और कानूनी विवाद से बचा जा सके। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। अगले माह भी विभिन्न क्षेत्रों में अवैध निर्माणों को चिन्हित कर ध्वस्तीकरण और सीलिंग अभियान चलाया जाएगा। जीडीए का कहना है कि शहर में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने और अवैध कॉलोनियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button