ग़ाज़ियाबाद

सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश-भूमि कब्जा, बैंक, राजस्व और अन्य मामलों की हुई समीक्षा, संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

गाजियाबाद। जनपद के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान एवं कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बंधु बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और पूर्व सैनिकों से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन (आई.एन.) राम प्रवेश सिंह ने सभी अधिकारियों, बाबूगढ़ छावनी के स्टेशन मुख्यालय के एडम कमांडेंट, जिला सैनिक बंधु समिति के सदस्यों, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए की। उन्होंने 22 मई को आयोजित पिछली जिला सैनिक बंधु बैठक के बाद कार्यालय द्वारा किए गए प्रमुख कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी भी सभी के समक्ष रखी। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी ने पिछली बैठकों में प्राप्त शिकायतों और लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पूर्व अधिकारी लेफ्टिनेंट सुदेशपाल के प्रकरण में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, पूर्व सैनिक एक्स सार्जेंट प्रवीण कुमार की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के मामले में दोबारा जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बैठक में लवकुश पुत्र त्रिलोक चंद के मामले में दोनों पक्षों को बुलाकर सुनवाई करने का निर्णय लिया गया। श्रीमती राजेंद्र फौगाट, पत्नी पूर्व सैनिक कृपाल सिंह की भूमि की दीवार गिराए जाने के मामले में एसडीएम मोदीनगर से विस्तृत आख्या तलब की गई। वहीं नायक बसंत स्वरूप के भूमि विवाद में पड़ोसी द्वारा किए गए कथित कब्जे के मामले में डिप्टी रजिस्ट्रार को आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा हवलदार राजेश कुमार के प्रकरण में एसडीएम मोदीनगर से दोबारा रिपोर्ट मांगी गई, जबकि पूर्व सैनिक महिपाल सिंह के प्लॉट संबंधी विवाद में एसडीएम गाजियाबाद को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़े मामलों को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा। बैठक के समापन पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन (आई.एन.) राम प्रवेश सिंह ने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों, विभागीय प्रतिनिधियों तथा लगभग 40 पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में जिला सैनिक बंधु बैठकों में शामिल हों तथा अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन बैठक आयोजित होने से कम से कम दो दिन पहले जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, गाजियाबाद में जमा कर दें, ताकि समय रहते उनका परीक्षण कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में बाबूगढ़ स्टेशन मुख्यालय के एडम कमांडेंट, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, सहायक पुलिस आयुक्त कविनगर सिद्धार्थ गौतम, जिला सैनिक बंधु समिति के सदस्य तथा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के वरिष्ठ सहायक पवन कुमार, कनिष्ठ सहायक विनोद कुमार, प्रियंका सिंह, रीतू सिंह, निपुण पायला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करते हुए उनके सम्मान और कल्याण को प्राथमिकता देना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button