आईटीओ चौराहे पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की तत्परता, सीपीआर देकर अधिवक्ता की बचाई जान।

एहसान अंसारी
नई दिल्ली: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता का एक प्रेरणादायक उदाहरण सोमवार को आईटीओ चौराहे पर देखने को मिला। कमला मार्केट ट्रैफिक सर्किल के इंस्पेक्टर गोपाल और उनकी टीम ने समय रहते कार्रवाई कर एक अधिवक्ता की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11:55 बजे अधिवक्ता नमनीत अपनी बाइक से आईटीओ चौराहे से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और भीषण गर्मी के कारण वह सड़क पर गिर पड़े।
ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक इंस्पेक्टर गोपाल और उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुँची। उन्होंने बिना समय गंवाए अधिवक्ता का हेलमेट उतारा, सीपीआर (CPR) और प्राथमिक उपचार दिया। उस समय इलाके में भारी ट्रैफिक जाम होने के कारण एम्बुलेंस के आने का इंतजार करने के बजाय पुलिस टीम ने उन्हें सरकारी वाहन से मात्र दो मिनट में लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की लोगों ने सराहना की है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस केवल यातायात व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने के लिए भी पूरी तत्परता से कार्य करती है।




