शहर-राज्य

तेज रफ्तार रोडवेज बस को बचाने के प्रयास में यूरिया खाद से भरा ट्रक पलटा

डिबाई/बुलंदशहर/ शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। यूरिया खाद से लदा एक ट्रक तेज रफ्तार रोडवेज बस को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया और खाद की अधिकांश बोरियां खाई में बिखर गईं। राहत की बात रही कि चालक सुरक्षित बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक भूपेंद्र बुलंदशहर से यूरिया खाद लेकर डिबाई की ओर जा रहा था। दौलतपुर खुर्द भट्टे के पास पहुंचने पर भीमपुर दोराहा की ओर से बुलंदशहर जा रही एक रोडवेज बस ई-रिक्शा को ओवरटेक करते हुए तेज गति से सामने आ गई। संभावित टक्कर से बचने के लिए चालक ने ट्रक को सड़क किनारे उतार दिया।

बारिश के कारण सड़क की पटरी गीली और फिसलन भरी होने से ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ट्रक को खाई से निकालने और यातायात सामान्य कराने के प्रयास शुरू कर दिए गए। दुर्घटना में ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि चालक पूरी तरह सुरक्षित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button