अंतिम संस्कार के दौरान नदी में डूबे तीन युवक लापता, तलाश में जुटी गोताखोरों की टीम

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। दाह संस्कार कराने पहुंचे तीन युवक नदी में डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई और स्वजन के साथ मौजूद लोगों में चीख-पुकार शुरू हो गई। मामला गुरुवार को शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बैदौली घाट स्थित बानगंगा नदी की है।जानकारी के अनुसार जोगिया विकासखंड की ग्राम पंचायत माधवापुर के मजरा मिझुनिया निवासी कंचन देवी (85) पत्नी स्वर्गीय राम मुकुट के अंतिम संस्कार के दौरान गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे तीन युवक नदी में उतर गए। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए।
डूबने वाले युवकों की पहचान 18 वर्षीय शिवा पुत्र राममूरत, 18 वर्षीय रवि पुत्र रामस्वरूप तथा 19 वर्षीय मोनू पुत्र बब्लू, निवासी ग्राम मधवापुर टोला मिझुनियां, थाना शोहरतगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों गांव की एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार में शामिल होने बैदौली घाट आए थे। अंतिम संस्कार के दौरान किसी तीनों नदी में उतर गए और गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। इनमें से एक युवक मृतका का नाती बताया जा रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची शोहरतगढ़ पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को खोज अभियान में लगाया। आसपास के ग्रामीण भी तलाश में सहयोग कर रहे हैं।
खबर लिखे जाने के देर शाम तक युवकों का पता नहीं चल सका था।प्रशासन का कहना है कि राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और अधिकारियों द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।
एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया है। एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दे दी गई है और उसके पहुंचते ही खोज अभियान को और तेज किया जाएगा। थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।



